कार की खिड़कियों पर बैठकर और खड़े होकर कर रहे स्टंट, चालान कटा

हापुड़।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र में चलती कार की खिड़कियों पर बैठकर और खड़े होकर स्टंट करने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर यातायात पुलिस ने कार का 12 हजार रुपये का चालान किया है। वायरल वीडियो में तीन युवक चलती कार की खिड़कियों पर बैठकर और खड़े होकर स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीछे चल रहे किसी वाहन में सवार व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो थाना हाफिजपुर क्षेत्र के सोना पेट्रोल पंप के आसपास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कार का 12 हजार रुपये का चालान काट गया है। उन्होंने बताया कि सभी वाहन चालक व स्वामी यातायात नियमों के अनुरूप की अपने वाहन का उपयोग कर अपनी व अन्य किसी की जान जोखिम में न डालें। किसी वाहन चालक द्वारा यातायात नियमों का पालन न किए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












