शहीद रिंकल बालियान का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव में, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार,भारत माता की जय से गूंजायमान हुआ वातावरण

शहीद रिंकल बालियान का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव में, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार,भारत माता की जय से गूंजायमान हुआ वातावरण
हापुड़।
थाना हाफिजपुर के गांव भटैल निवासी रिंकल बालियान डोडा जिले में खाई से ट्रक गिरने से शहीद हो गए। शनिवार सुबह शव गांव में आने पर शोक की लहर दौड़ गई। शहीद का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ गमगीन माहौल में हुआ। इस मौके पर अधिकारियों सहित सहित सेना के अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जानकारी के अनुसार हाफिजपुर के गांव भटैल निवासी रिंकल बालियान 2016 में भारतीय सेना की 72 आर्ड यूनिट में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू कश्मीर क्षेत्र में थी। वर्ष 2019 में रिंकल बालियान का विवाह रिंकी बालियान से हुआ था, जिससे उनके तीन साल की बेटी व एक साल का बेटा हैं, जिनमें एक बेटी और एक बेटा शामिल हैं। शहीद रिंकल बालियान के भाई ऋषभ भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं।
22 जनवरी को दोपहर करीब तीन बजे रुटीन गश्त के दौरान
भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास 9 हजार फुट की ऊंचाई पर चढ़ते समय सेना का वाहन अचानक असंतुलित होकर खाई में गिर गया। इसी दुर्घटना में रिंकल बालियान वीरगति को प्राप्त हो गए थे। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
शनिवार की सुबह सैन्य अधिकारियों के साथ शहीद का शव गांव लाया गया, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। पूरा गांव देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। गमगीन माहौल में सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान तमाम अधिकारी व राजनीतिक दलों के नेताओं ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।












