लालच देकर नाबालिग से कुकर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार,भेजा जेल

हापुड़।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 12 वर्षीय किशोर के साथ कुकर्म का प्रयास किया गया। घटना बुधवार शाम की है जब किशोर अपने पड़ोसी के घर में खेल रहा था। गांव का ही एक युवक अभिषेक वहां पहुंचा और किशोर को सौ रुपये का लालच देकर उसके साथ कुकर्म का प्रयास किया।
इसी दौरान पड़ोसी की पत्नी वहां आ गई। उन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गया। लेकिन जाते समय उसने किशोर को धमकी दी कि अगर वह किसी से इस बारे में बताएगा तो उसे जान से मार देगा।
घटना के बाद डरा हुआ किशोर रोते हुए घर पहुंचा और अपने पिता को पूरी घटना बताई। पिता तुरंत अपने बेटे को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थाना प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक को उसके गांव स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












