शादी में नाच रही युवतियों से मनचलों ने की अभद्रता, विरोध करने पर मारपीट, वीडियो वायरल

शादी में नाच रही युवतियों से मनचलों ने की अभद्रता, विरोध करने पर मारपीट, वीडियो वायरल
हापुड़। थाना हापुड़ क्षेत्र के फ्री गंज रोड़ पर देर रात एक घुड़चढ़ी के दौरान डांस कर रही युवतियों के साथ कुछ दबंगों ने अभद्रता की और विरोध करने पर मारपीट की गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात जिला बुलंदशहर से एक बारात फ्री गंज रोड पर पहुंची थी। शादी समारोह में चढ़त की रस्म के दौरान बैंड की धुन पर युवतियां डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से डांस कर रही युवतियों के साथ अभद्र हरकतें करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवतियों ने जब इस व्यवहार का विरोध किया तो युवक नहीं माने और उल्टा बहस करने लगे। मामला बढ़ता देख युवतियों ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
जब दूल्हे पक्ष के लोगों ने युवकों की हरकतों का विरोध किया तो स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि युवक आगबबूला हो गए और उन्होंने दूल्हे पक्ष के लोगों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में वहां अफरा-तफरी मच गई और शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं। घटना का वीडियो सोशल वायरल पर वायरल हो रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।












