यूपी में ग्रीष्मावकाश का नया शेड्यूल जारी: बच्चों की छुट्टियां 20 मई से 24 जून तक, शिक्षक 22 जून से आएंगे स्कूल

यूपी में ग्रीष्मावकाश का नया शेड्यूल जारी: बच्चों की छुट्टियां 20 मई से 24 जून तक, शिक्षक 22 जून से आएंगे स्कूल
2026 से लागू होगा नियम; 21 जून को योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास अनिवार्य, 25 जून से शुरू होगा नियमित पठन-पाठन
लखनऊ/हापुड़। बेसिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने ग्रीष्मावकाश को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब हर साल 20 मई से 24 जून तक प्रदेश के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों का ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। नया नियम वर्ष 2026 से लागू होगा।
शिक्षकों के लिए अलग शेड्यूल
आदेश के मुताबिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का अवकाश 21 जून तक रहेगा। सभी को 22, 23 और 24 जून को स्कूल में उपस्थित होकर साफ-सफाई, लेसन प्लान, बाल वाटिका, मिड-डे मील और पाठ्य पुस्तकों की तैयारी करनी होगी। ताकि 25 जून को बच्चे जब स्कूल आएं तो पढ़ाई तुरंत शुरू हो सके।
21 जून को होगा योगाभ्यास
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का स्कूल में सामूहिक योगाभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दिन स्कूल खुलेंगे लेकिन सिर्फ योग कार्यक्रम के लिए।
क्या है मकसद
विभाग का कहना है कि सम्यक विचार के बाद यह निर्णय लिया गया है। इससे स्कूल खुलने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो जाएंगी और पहले दिन से ही गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई शुरू की जा सकेगी। बच्चों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होगा और शिक्षकों को भी तैयारी का पर्याप्त समय मिल जाएगा।
यह नियम बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित सभी विद्यालयों और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।











