बॉयलर लीक से झुलसे मजदूर की दिल्ली में मौत

बॉयलर लीक से झुलसे मजदूर की दिल्ली में मौत
हापुड़। थाना धौलाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में बॉयलर के वॉल लीक में आकर तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। देर रात को नोएडा के दादरी निवासी ऋषिपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक ऋषिपाल शर्मा के पुत्र दीपक शर्मा ने फैक्ट्री मालिकों व मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हैं। फरार फैक्ट्री मालिकों व मैनेजर को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगी हुई हैं।
नोएडा के दादरी निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि पिता ऋषिपाल शर्मा कृष्णा आर्गेनिक फैक्ट्री में ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। सोमवार की सुबह पिता फैक्ट्री में जाने के लिए घर से निकले थे। बॉयलर का वॉल खराब होने के कारण गैस व गर्म पानी बाहर निकलने लगा। जिससे पिता व अन्य दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद तीनों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने गंभीर
हालत को देखकर दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में रेफर कर दिया। पिता ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र का आरोप है कि फैक्ट्री के अंदर कर्मचारियों व मजदूरों के लिए सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। बॉयलर के खराब होने की पिता ने फैक्ट्री मालिक को शिकायत की थी लेकिन मालिक ने इस संबंध में कोई सुध नहीं ली थी।
मृतक के पुत्र दीपक शर्मा की तहरीर पर रोहित अरोड़ा, आलोक अरोड़ा और अज्ञात मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया हैं। फैक्ट्री मालिकों को पकड़ने के लिए ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। – देवेंद्र बिष्ट