नोएडा हादसे से नहीं लिया सबक, जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते नालें में गिरकर मासूम सिद्धि की मौत

हापुड़।
धौलाना क्षेत्र के गांव सपनावत में बच्चों के साथ खेल रही ढाई साल की मासूम सिद्धि की खुले नाले में गिरकर मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बच्ची के पिता ग्राम प्रधान से नाले को ढकने की पहले ही शिकायत कर चुके थे। पिता का आरोप है कि प्रधान ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब पिता ने मुख्यमंत्री से लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई व नाले को जल्द ढकने की गुहार लगाई है।
मामला शुक्रवार का है। गांव निवासी गौरव कुमार ने बताया कि उनके घर के सामने एक खुला हुआ नाला है। नाले के आसपास उनकी ढाई वर्षीय पुत्री सिद्धि व पड़ोस में रहने वाले कुछ बच्चे खेलते रहते हैं। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे उनकी पुत्री पड़ोसी बच्चों के साथ नाले के पास खेल रही थी।
खेलते-खेलते उनकी पुत्री अचानक नाले में गिर गई, लेकिन किसी को पता नहीं चला। उन्होंने परिजनों के साथ पुत्री को आसपास काफी तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
घंटों तलाश के बाद लोग नाले के पास पहुंचे तो उनकी पुत्री नाले में पानी में दिखाई दी। इस पर वह और आसपास के लोग नाले में उतर गए और बेटी को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। उसकी मौत से मां काजल, दादा रामअवतार, दादी गुड्डी देवी, ताऊ कपिल व ताई कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया कि पिछले काफी समय से नाला खुला पड़ा है।
पिता का आरोप है कि वह कई बार ग्राम प्रधान व सचिव से नाले की मरम्मत कराकर इसे ढकने की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आजतक भी नाले की कोई मरम्मत नहीं हुई और न ही इसे ढका गया है।
नाला ढका होने पर शुक्रवार को उनकी पुत्री के साथ यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। अब उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने व नाले को जल्द ढकने की गुहार लगाई है। मासूम बच्ची की मौत से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है।
ग्राम प्रधान राहुल राणा का इस संबंध में कहना है कि नाला दस वर्ष पुराना होने के कारण इसकी समय-समय पर सफाई कराई जाती रहती है। बच्च्ची की मौत की उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है।
सौलाना गांव में नाले में डूबने से बच्ची की मौत की उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है, परिजनों की ओर से इस संबंध में अभी तक उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। हादसे के कारणों का पता करके मामले में कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। मनोज सिंह, एसडीएम












