गश्त के दौरान टोकाटाकी के बाद बदमाशों ने लाठी डंडों से पुलिसकर्मियों पर किया हमला, दो सिपाही घायल

गश्त के दौरान टोकाटाकी के बाद बदमाशों ने लाठी डंडों से पुलिसकर्मियों पर किया हमला, दो सिपाही घायल
हापुड़। जिले में पुलिस टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। देर रात करीब 1:30 बजे दिल्ली-मुरादाबाद रोड पर गश्त कर रहे दो हेड कांस्टेबल ने शराब ले जा रहे कुछ युवकों को टोका तो आरोपियों ने अपने साथी बुलाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
देहात थाना क्षेत्र में रात गश्त पर निकले दो हेड कांस्टेबल ने दिल्ली-मुरादाबाद रोड पर कुछ युवकों को शराब लेकर जाते देखा। पूछताछ करने पर युवक पुलिस टीम से गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर दोनों पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में दोनों हेड कांस्टेबल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची अन्य पुलिस टीम ने घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।
देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया, “आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में रोष है। रात की गश्त और बढ़ा दी गई है।











