गरीब बच्चों के लिए मसीहा बनें हापुड़ डीएम, पढ़ने वाले बच्चों की फीस जमा करने के लिए निर्देश

हापुड़।
डीएम अभिषेक पाण्डेय गरीब बच्चों के लिए मसीहा बने हैं। अब उन्हें पढ़ाई में कोई दिक्कत नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने स्कूल के खाते में फीस का भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं। पिता की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रहे परिवार को बच्चों की फीस चुकाने में कठिनाई हो रही थी। स्कूल से लगातार फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे बच्चों की पढ़ाई खतरे में थी।
डीएम ने असौड़ा गांव की निवासी चंचल त्यागी के तीनों बच्चों की फीस रायफल फंड से चुकाने का आदेश दिया, ताकि वे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकें। चंचल ने डीएम को ज्ञापन में बताया कि उनके पति का आकस्मिक निधन जून 2023 में हुआ था। इसके बाद से वह आसपास के घरों में छोटे-मोटे काम करके जीवन यापन कर रहीं हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां मोदीनगर रोड स्थित विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। जबकि बेटा मेरठ रोड स्थित विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र है। चंचल अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहीं हैं, लेकिन स्कूल फीस चुकाने में असमर्थ हैं। उनकी मेहनत से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। आर्थिक साहारे के अभाव में उनके बच्चों की पढ़ाई खतरे में पड़ गई थी। यदि सहायता नहीं मिलती, तो बच्चों का स्कूल छूट सकता था। इस पर डीएम ने तीनों बच्चों की फीस का भुगतान रायफल कोटे से कराने का आदेश दिया।












