कैंटर में ठूंस-ठूंस कर भरे थे 40 पशु, दम घुटने से एक की मौत; देहात पुलिस ने 4 तस्कर दबोचे

कैंटर में ठूंस-ठूंस कर भरे थे 40 पशु, दम घुटने से एक की मौत; देहात पुलिस ने 4 तस्कर दबोचे
मुखबिर की सूचना पर देहात पुलिस की कार्रवाई, कैंटर से बरामद किए गए 39 पशु जीवित; पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज
*हापुड़।* थाना हापुड़ देहात पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से 40 पशुओं को बरामद किया है। कैंटर में ठूंस-ठूंस कर भरे होने के कारण एक पशु की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कैंटर में अवैध रूप से पशुओं को ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई देहात थाना पुलिस ने घेराबंदी कर कैंटर को रोक लिया। तलाशी में कैंटर के अंदर 40 पशु बुरी तरह ठूंसे हुए मिले।
एक पशु की हुई मौत
ज्यादा संख्या में पशु भरे होने और हवा न मिलने के कारण एक पशु की कैंटर में ही दबकर मौत हो गई। बाकी 39 पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी पशुओं को पशु चिकित्सक की निगरानी में रखा गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कैंटर से चार लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने पशुओं को अवैध रूप से ले जाने की बात कबूली है। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी पारस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद कैंटर को सीज कर दिया गया है।











