सपा का अनोखा प्रदर्शन: गैस की किल्लत के विरोध में सपा कार्यकत्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर चूल्हा जलाकर सेकी रोटियां, किया धरना-प्रदर्शन

हापुड़। जिलें में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया।
सपा जिलाध्यक्ष आंनद गुर्जर के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताते हुए कलेक्ट्रेट में ही मिट्टी का चूल्हा जलाया और उस पर रोटियां बनाईं। सपा नेताओं का आरोप है कि जिले में गैस की भारी कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन इस समस्या को हल करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा बंद होने और गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। खासकर रमजान और नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के बीच गैस की यह किल्लत आम गृहिणियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य नहीं की गई, तो वे अपने आंदोलन को और भी तेज करेंगे।












