श्री पंचायती गौशाला प्रबंध समिति चुनाव: 29 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 80 नामांकन पत्र बिके, दो ग्रुपों के बीच होगा मुकाबला

हापुड़।
श्री पंचायती गोशाला के नौ पद और 22 सदस्यों के लिए दो दिन में 80 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। रविवार को इन पदों के लिए संभावित उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। करीब ढाई गुना नामांकन पत्रों की बिक्री होने से इस बार चुनाव होने की पूरी-पूरी संभावना है।
चुनाव अधिकारी व एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय कुमार ने बताया कि दो दिन में 80 ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। यह चुनाव श्री पंचायती गोशाला की प्रबंध समिति के लिए हो रहा है, इसमें प्रधान, वरिष्ठ उप प्रधान, कनिष्ठ उप प्रधान, मंत्री, वरिष्ठ मंत्री, कनिष्ठ उपमंत्री, कोषाध्यक्ष, लेखा निरीक्षक और उप लेखा निरीक्षक के पदों के लिए होगा।
इसके अलावा 22 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए चुनाव होगा। 24 अगस्त को सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक नामांकन-पत्र लिए जाएंगे। इसके बाद 26 को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, 28 को नामांकन वापसी का समय शाम पांच बजे तक रहेगा।
उल्लेखनीय हैं कि इस बार गौशाला प्रबंध समिति के दो गुटों कै बीच चुनाव होने की प्रबल सम्भावना है। एक गुट से वेदप्रकाश पाटिया वाले अध्यक्ष पद पर व टुक्कीराम गर्ग मंत्री पर चुनाव लड़ सकते हैं, वही दूसरे गुट से सुरेश गुप्ता ठेकेदार अध्यक्ष पद पर व सचिन लकड़ी वाले मंत्री पद पर चुनाव लड़ सकते हैं।












