लालकिले से सोने का कलश चोरी करने के आरोपी को लेकर हापुड़ सर्राफा बाजार पहुंची दिल्ली पुलिस, चोरी का सामान खरीदने वालें दुकानदारों में मचा हड़कंप ,दो आरोपी हिरासत में

लालकिले से सोने का कलश चोरी करने के आरोपी को लेकर हापुड़ सर्राफा बाजार पहुंची दिल्ली पुलिस, चोरी का सामान खरीदने वालें दुकानदारों में मचा हड़कंप ,दो आरोपी हिरासत में
हापुड़। दिल्ली के लालकिले से करोड़ों रुपए के कलश चोरी करने के मामले में आरोपी को लेकर दिल्ली पुलिस हापुड़ के सर्राफा बाजार पहुंची, जिससे चोरी का माल खरीदने वालें दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के लाल किला परिसर में आयोजित जैन धर्म के धार्मिक अनुष्ठान में ये कीमती कलश विश्व शांति के लिए स्थापित किया गया था, लेकिन उसी दौरान इसे चोरी कर लिया गया।
मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा की वैशाली कालोनी के एक मकान में छापेमारी कर एक आरोपी भूषण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक कलश बरामद कर लिया है।
उधर सोमवार दोपहर थाना हापुड़ क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के निकट फ्री गंज रोड़ से दिल्ली पुलिस ने दूसरे आरोपी सुनार अंकित पाटिल व जवाहर गंज निवासी गौरव वर्मा को गिरफ्तार कर अपने साथ दिल्ली ले गई थी।
मंगलवार दोपहर को दिल्ली पुलिस चोरी के आरोपी को लेकर सर्राफा बाजार पहुंची , जिससे चोरी का माल खरीदने वालें दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर कलश को टुकड़ों में काटकर यहां की कई दुकानों पर बेचा था।
दिल्ली पुलिस आरोपी को लेकर सर्राफा बाजार की गलियों में घूमती रही और उन दुकानों की पहचान कराई, जहाँ कलश का सोना बेचा गया था।
करीब तीन घंटे तक पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर विभिन्न दुकानों पर जाती रही। जिन दुकानों पर पुलिस रुकी, वहाँ मौजूद व्यापारियों की धड़कनें तेज हो गई। पुलिस ने दुकानदारों से बारीकी से पूछताछ की और सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज खंगाले।
पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके बाद दो दुकानदारों को हिरासत में लिया गया है। उनसे चोरी हुए सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।












