युवक के शारीरिक संबंध बनाने से परेशान इंटर की छात्रा ने पीया तेजाब, इलाज के दौरान हुई मौत

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी को बहला फुसलाकर एक युवक ने लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे प्रताड़ित किया। घटना से क्षुब्ध दो सप्ताह पूर्व किशोरी ने तेजाब पी लिया था। किशोरी को गंभीर हालत में हापुड़ और फिर मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई। किशोरी की मां ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी और उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि वह नगर के एक मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहती है। उसकी नाबालिग पुत्री कक्षा 12 में पढ़ती थी। नगर निवासी एक युवक उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर करीब 4 साल से शारीरिक संबंध बनाता आ रहा था। पीड़िता तथा उसके परिवार के सदस्यों ने आरोपी और उसके पिता को काफी समझाया, लेकिन आरोपी ने उसकी पुत्री से मिलना-जुलना व संबंध बनाना जारी
रखा। इसके बाद आरोपी ने उसकी पुत्री को परेशान करना शुरू कर दिया और शारीरिक उत्पीड़न भी करना शुरू कर दिया। जिसमें आरोपी का उसके पिता ने भी पूरा सहयोग किया। पीड़ित महिला ने बताया इससे उसकी पुत्री मानसिक तनाव में आ गयी तथा तीन फरवरी को तेजाब पी लिया और 18 फरवरी को मौत हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला मां से झगड़े के कारण किशोरी ने तेजाब पिया था। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।












