प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा प्रेमी, पुलिस ने रेस्क्यू कर उतारा

हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में मेरठ निवासी प्रेमी ने पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर रेस्क्यू कर युवक को नीचे उतारकर पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी मनीष का बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भैना में एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक ने युवती के परिजनों से शादी की इजाजत मांगी, परन्तु परिजनों ने इंकार कर दिया।
मामले से क्षुब्ध होकर शनिवार को युवक ने गांव पहुंच कर पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने ऊपर से चिल्लाकर कहा, जब तक मेरी शादी नहीं होगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।
इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। बच्चे, महिलाएं, और बुजुर्ग टंकी के नीचे इकट्ठा हो गए। कुछ लोग वीडियो बनाने में जुट गए।
मामले की खबर मिलते ही सीओ स्तुति सिंह और थाना प्रभारी धीरज मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को गंभीर देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
लगभग दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाई। टीम ने मनीष से बातचीत की, उसे शांत किया, और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया, “युवक मानसिक रूप से तनाव में लग रहा था। उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है, और अब उससे पूछताछ की जा रही है।” पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि मनीष पिछले कुछ दिनों से अपनी प्रेमिका से संपर्क न होने और परिवार के विरोध के कारण परेशान था। इसी वजह से उसने यह खतरनाक कदम उठाया।












