पड़ोसी ने नाबालिग को बंधक बनाकर की छेड़छाड़, पुलिस ने छुड़ाया

हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी को पड़ोसी युवक ने जबरन अपने घर के अंदर खींच लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। किशोरी के देर तक घर नहीं लौटने पर उसके परिवार ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने किशोरी के मोहल्ले में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान किशोरी पड़ोस के एक मकान में बंधक पाई गई। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल जांच के लिए भेजा और उसके पिता की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसकी बेटी रविवार की दोपहर किसी काम से बाहर गई थी। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी, तो परिवार को चिंता हुई। कई जगह तलाशने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। चिंतित परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत गांव पहुंची और खोजबीन शुरू की। एक ग्रामीण ने बताया कि किशोरी एक मकान में है। पुलिस ने उस मकान की तलाशी ली, जहां किशोरी बंद मिली। थाना प्रभारी धीरज मलिक ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।












