टूटी निद्रा – हापुड़ में कुत्तों के आंतक का मामला: नगर पालिका ने कुत्तों की नसबंदी के टेंडर की प्रक्रिया की शुरू

हापुड़।
शहर के गली मौहल्लों से लेकर कालोनियों में कुत्तों के आंतक से परेशान लोगों की शिकायतों के बाद आखिरकार नगरपालिका की कुंभकर्णी नींद टूट गई और अब नगर पालिका ने कुत्तों की नसबंदी के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ में
शहर और आसपास के एरिया में कुत्तों का आंतक बढ़ता ही जा रहा है। स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शायद ही ऐसा कोई दिन हो, जब कुत्तों का झुंड किसी को काटकर जख्मी नहीं कर रहे हो। लोगों का कहना है कि कई बार कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर पालिका के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। उसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। शहर के आर्य नगर, राधापुरी, श्रीनगर, जवाहर गंज, सरस्वती इन्क्लेब , शिवपुरी, मोदीनगर रोड, मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड आदि एरिया के कई मोहल्ले में कुत्तों का आंतक है।
शहर वासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अधिकारियों ने 13 अक्तूबर को पालिका की बैठक में करीब एक हजार कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी कराने का प्रस्ताव पास हुआ था। प्रति कुत्ते के बंध्याकरण कराने पर 1650 रुपये खर्च होंगे, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पालिका की ओर से टेंडर नहीं निकाला गया था, परन्तु अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। नवंबर माह में प्रक्रिया पूरी होगी और दिसंबर से कुत्तों को पकड़कर उनका नसबंदी कराई जाएगी। इसके लिए एक अस्थाई अस्पताल भी बनेगा।
ईओ संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि कुत्तों का बंध्याकरण कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।












