जिलें में रात के अंधेरे में जमकर हो रहा है अवैध खनन, अधिकारियों ने साधी चुप्पी

जिलें में रात के अंधेरे में जमकर हो रहा है अवैध खनन, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
हापुड़। जिले में खनन माफियाओं द्वारा मिलीभगत कर रात के अंधेरे में जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। गढ़मुक्तेश्वर के चित्तौड़ा, पलवाड़ा, नानई और सरूरपुर में अवैध खनन की गतिविधियां जोरों पर हैं, जहां से मिट्टी ब्रजघाट में भेजी जा रही है। इस स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
इन क्षेत्रों में बुलडोजर, डंफर और ट्रैक्टर-ट्राली के माध्यम से रातभर मिट्टी का खनन किया जा रहा है। रात के अंधेरे में सड़कों पर मिट्टी से भरे डंफर दौड़ते रहते हैं, जो न तो पुलिस की नजर में आते हैं और न जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना मिलती है। शिकायतों के वावजूद, केवल एक-दो डंपर सीज कर जिम्मेदार लोग पूरे मामले को दवाने का प्रयास करते हैं। खनन माफिया सरकारी और निजी जमीनों से मिट्टी का खनन कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं और राजस्व को भी चूना लगा रहे हैं। उनकी सक्रियता के कारण रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। यह पहला
मामला नहीं है। पहले भी कई प्रकरण सामने आ चुके हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन सौ से 150 डंफर मिट्टी के वाहनों को रात में दौड़ाया जाता है। एक डंफर की कीमत 3500 रुपये है, जिससे राजस्व को सात सौ से अधिक प्रति डंफर नुकसान हो रहा है। सफेदपोशों, पुलिस और खनन
विभाग की मिलीभगत से यह धंधा चल रहा है।
माफिया का नेटवर्क इतना मजबूत है कि मिट्टी डालने के साथ ही उसे फैला भी दिया जाता है, जिससे वे काली कमाई कर रहे हैं।
तहसील गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में करीब 36 किलोमीटर तक गंगा फैली हैं। इस क्षेत्र में गंगा के किनारे मुकीमपुर, भगवंतपुर, नयागांव
अब्दुलापुर, चकलठीरा, शेरा कृष्णा वाली महैया, रेता वाली मडैया, ब्रजघाट, बलवापुर, नयाांस, सालाबाद की महैया, पुष्पावती पूठ, शंकरा टोला आदि गांव बसे हैं। इन गांवों में गंगा से रेत का अवैध खनन धड़ल्ले से होता है। भैसा बुग्गियों से गंगा से रेत मंगवाकर एक सुरक्षित स्थान पर स्टाक किया जाता है। फिर माफिया उस रेत को ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली के माध्यम से रेत को आसपास के जिले जैसे गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर भेज देते हैं।












