चोरों ने दो घरों में की लाखों रुपए के जेवरात व नगदी चोरी

हापुड़। थाना सिम्भावली क्षेत्र
के गांव हिम्मतपुर और सिंभावली फरीदपुर में चोरों ने मकानों के ताले तोड़कर नकदी और गहने चोरी कर लिए। एक ही रात में दो गांवों में हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर की।
गांव सिंभावली फरीदपुर निवासी प्रदीप ने बताया कि वह किसी निजी कार्य से परिवार सहित हापुड़ गया हुआ था। इसी दौरान रात के समय अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी और संदूक खंगालते हुए घर में रखे सोने-चांदी के गहने और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
सुबह जब वह वापस लौटे तो घर का ताला टूटा देखकर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं, दूसरी घटना गांव हिम्मतपुर की है। जहां रहनुमा ने बताया कि वह और उनकी बहन दोनों विधवा हैं तथा दोनों का विवाह एक ही परिवार में हुआ था। दोनों महिलाएं गांव में स्थायी रूप से नहीं रहतीं और कभी-कभार ही अपने पैतृक घर आती हैं।
उन्होंने बताया कि सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से गहने तथा नकदी गायब थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












