गंगा में पैर फिसलने से गहरे पानी में जाने से डूबा पीएसी का रसोईया, हुई मौत

हापुड।
गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के दौरान गाजियाबाद की 47वीं पीएसी वाहिनी में तैनात फॉलोअर पुष्पेंद्र कुमार (25 वर्ष) गढ़मुक्तेश्वर के घाट नंबर 10 पर स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गए। जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार गाजियाबाद की 47 वीं वाहिनी में फॉलोअर के पद पर कार्यरत थे और कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की ड्यूटी के लिए खादर मेले में पहुंचे थे।
मंगलवार सुबह वह घाट नंबर 10 पर स्नान कर रहे थे कि अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। साथी जवानों ने तुरंत गोताखोरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला था।
जवान की मृत्यु की सूचना मिलते ही बटालियन में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।












