खेलते समय मासूम पर गिरा लोहे का भारी गेट, मलबे में दबने से 5 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

खेलते समय मासूम पर गिरा लोहे का भारी गेट, मलबे में दबने से 5 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर
क्षेत्र के गांव बदरखा में घर के मुख्य द्वार पर खेल रही एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के ऊपर लोहे का भारी-भरकम गेट अचानक उखड़कर गिर गया। गेट के नीचे दबने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बिना किसी पुलिसिया कार्रवाई के गमगीन माहौल में शव का दफ़ीना (अंतिम संस्कार) कर दिया है।
खेलते-खेलते मौत के जाल में बदली खुशियां
ग्रामीण शाहनवाज अली ने बताया कि उनके छोटे भाई की 5 वर्षीय बेटी ‘अनाबिया’ शुक्रवार की शाम को घर के आंगन और मुख्य द्वार के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते मासूम अनाबिया घर के बड़े लोहे के गेट पर लटक गई। इसी दौरान अचानक एक जोरदार आवाज के साथ पूरा का पूरा लोहे का गेट उखड़ गया और सीधे मासूम के ऊपर जा गिरा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमीं सांसें
चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े। भारी लोहे के गेट को हटाकर लहूलुहान हालत में अनाबिया को बाहर निकाला गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बिना कानूनी कार्रवाई के किया दफीना:
डॉक्टर द्वारा मृत घोषित करते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और घर में चीख-पुकार मच गई। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। चूंकि मामला पूरी तरह एक घरेलू हादसा था, इसलिए पीड़ित परिवार ने मामले में कोई भी पुलिसिया कार्रवाई न करने का फैसला किया। देर शाम ही गमगीन माहौल में मासूम अनाबिया के शव को सुपुर्द-ए-खाक (दफीना) कर दिया गया।











