खेत में तेंदुआ दिखाई दिए जाने से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने चलाया सर्च आपरेशन

हापुड़।
थाना सिंभावली क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज में कार्यरत कर्मचारी ने अपने खेत में तेंदुआ दिखाई दिए जाने का दावा करते हुए वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच सर्च आपरेशन शुरू कर दिया, परन्तु तेंदुआ नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार सिम्भावली निवासी अनिल कुमार पुराने हाईवे के निकट स्थित किसान महाविद्यालय में कर्मचारी हैं तथा पास ही उसके खेत है। देर शाम वह अपने खेत में गया था।
अनिल ने बताया कि खेत में जाते ही उसे तेंदुआ बैठा हुआ दिखाई दिया। शोर मचाने पर वह भाग गया।
सूचना के बाद पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश कर रही है। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को भेजकर जांच कराई गई है। आसपास के जंगल में भी कांबिंग कराई जा रही है।












