क्रिकेट मैच के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का आरोप, दी तहरीर

हापुड़।
थाना गढ़मुक्तेशर क्षेत्र में क्रिकेट टूर्नामेंट करवाने के नाम पर कुछ लोगों ने खिलाड़ियों से लाखों रुपए की ठगी कर ली। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए खिलाड़ियों ने कोतवाली पहुंचकर आयोजकों के खिलाफ तहरीर दी है।
मेरठ के माछरा निवासी शहजाद मलिक ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर के गांव अल्लाबख्शपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट का अक्टूबर माह में आयोजन किया गया था। उनकी टीम में 15 खिलाड़ी शामिल थे, जिनसे प्रवेश शुल्क के रूप में 20 हजार रुपये लिए गए।
इसके अलावा प्रत्येक खिलाड़ी से 500 रुपये फॉर्म शुल्क के नाम पर वसूले गए। इसी तरह अन्य टीमों से भी अलग-अलग मदों में पैसे लिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार टूर्नामेंट को दस दिनों में पूरा किया जाना था, लेकिन आयोजन बीच में ही रोक दिया गया।
अब आयोजकों के मोबाइल फोन बंद हैं और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अल्लाबख्शपुर के कुछ युवकों ने टूर्नामेंट आयोजित करने की जिम्मेदारी ली थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।












