कांवड़ यात्रा से पूर्व खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के भरे नमूने , ढ़ाबा संचालकों को दिए निर्देश

कांवड़ यात्रा से पूर्व खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के भरे नमूने , ढ़ाबा संचालकों को दिए निर्देश
हापुड़।
हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पनीर निर्माण इकाइयों और फल विक्रेताओं का निरीक्षण किया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में टीम ने ग्राम रामपुर में विजय कुमार की पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम सदरपुर गढ़मुक्तेश्वर में बुद्धप्रकाश की पनीर इकाई से नमूने लिए गए। कांवड़ यात्रा को देखते हुए नेशनल हाईवे- 9 दिल्ली-मुरादाबाद रोड पर स्थित होटलों और ढाबों का निरीक्षण किया गया। श्रद्धालुओं को शुद्ध भोजन मिले, इसके लिए दुकानदारों को निर्देश दिए गए।
संचारी रोगों की रोकथाम के लिए दिल्ली रोड पर फल विक्रेताओं की दुकानों की जांच की गई। सड़क किनारे बिक रहे कटे और खुले फलों को खाने योग्य नहीं पाया गया। इन्हें तुरंत नष्ट करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूने विशेष खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से मिलावटी खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की है।












