ऑनलाइन पैसे कमाने का झांसा देकर खाते से उड़ाए 89 हजार रुपये

हापुड़।
सिंभावली क्षेत्र के गांव टोडरपुर निवासी युवक ने गांव के ही परिचित युवक पर ऑनलाइन पैसे कमाने का झांसा देकर उसके खाते से 89 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। गांव निवासी शादाब राना ने थाने में तहरीर दी है।
बताया कि लगभग छह दिन पहले वह गांव में ही सैलून पर बाल कटवाने के लिए गया था। वहां पहले से मौजूद गांव निवासी युवक ने उसे ऑनलाइन एप के माध्यम से रुपये कमाने के बारे में बताया। वह आरोपी के झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपी युवक ने अपने आप ही उसके मोबाइल फोन में वह एप डाउनलोड कर दिया। तीन दिन पहले शाम को उस एप के जरिए उसके बैंक खाते से पचास हजार रुपये, उसके कुछ ही देर बाद तीस हजार और चंद ही मिनटों में नौ हजार रुपये निकाल लिए गए। इस बारे में उसने आरोपी युवक से जानकारी की, तो उसने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया।












