अमेरिका के चिकित्सक डॉ. विवेक मिश्रा का हापुड़ में हुआ अभिनन्दन

हापुड़।
लायंस क्लब हापुड़ सिटी ने अमेरिका के ह्यूस्टन, टेक्सास स्थित मेथोडिस्ट मेडिकल कॉलेज में वेस्कुलर न्यूरोलॉजी के एसोसिएट प्रोफेसर, एम.डी., एफ.ए.एच.ए. डॉ. विवेक मिश्रा का गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्हें पारंपरिक पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
डॉ. विवेक मिश्रा हापुड़ के सपूत हैं, जो आज अमेरिका में न्यूरोलॉजी, टेलीमेडिसिन और न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उनका समर्पण और सेवा भावना उन्हें मानवता का सच्चा सेवक बनाती है।
क्लब के सचिव लॉयन महेश वर्मा ने कहा डॉ. विवेक मिश्रा न केवल एक उत्कृष्ट चिकित्सक हैं, बल्कि समर्पण और नवाचार के प्रतीक भी हैं। वे हापुड़ की शान हैं।
अध्यक्ष लॉयन योगेन्द्र अग्रवाल ने कहा “ऐसे विभूतियों का सम्मान करना स्वयं में गर्व की बात है। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है।
कोषाध्यक्ष लॉयन डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा टेलीमेडिसिन और न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में उनका योगदान वैश्विक चिकित्सा जगत में क्रांतिकारी है।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य महावीर वर्मा, सचिन सिंघल, संदीप अग्रवाल, आयुष गर्ग एवं तुषार अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे और डॉ. मिश्रा को शुभकामनाएँ दीं।
डॉ. मिश्रा के पिता डॉ. हर्ष मिश्रा और माता डॉ. आशा मिश्रा ने लायंस क्लब के इस प्रयास की सराहना की।












