Animal App के माध्यम से भैंस खरीदने आए व्यक्ति से की 1.35 लाख रुपए की ठगी

हापुड़।
थाना कपूरपुर क्षेत्र में बागपत निवासी एक व्यक्ति से Animal App के माध्यम से भैंस खरीदने का झांसा देकर दो ठगों ने 1.35 लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बागपत जिले के गांव मितली का रहने वाला विकास गोस्वामी पशु खरीदने के लिए Animal App इस्तेमाल करता है। इसी ऐप पर उसकी बात शहनवाज और सोनू नाम के दो लड़कों से हुई। 6 नवंबर को दोनों ने उसे भैंस देखने के लिए सपनावत गांव में योगेश के घर बुलाया।
विकास को भैंसें पसंद आईं। उसने योगेश के घर पर ही शहनवाज को 1.35 लाख रुपये एडवांस में दे दिए। पैसे लेते ही शहनवाज और योगेश बोले कि भैंसें लोड करने के लिए गाड़ी लाते हैं और बाहर निकल गए। घर पर विकास और सोनू रह गए।
थोड़ी देर बाद योगेश अकेला लौटा और बोला शहनवाज पैसे लेकर भाग गया। इतने में सोनू भी मौका देखकर खिसक लिया। विकास ने दोनों के नंबर मिलाए, लेकिन फोन बंद आए।
कपूरपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि शहनवाज, सोनू और योगेश के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












