जंगल में पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या में पति गिरफ्तार

जंगल में पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या में पति गिरफ्तार
, हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव रेतावाली मड़ैया में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने के बाद मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गांव रेतावाली मड़ैया निवासी मनवीर सिंह की शादी करीब 2 साल पहले प्रियंका पुत्री कलुवा निवासी हतिया खेड़ा, थाना हसनपुर, जनपद अमरोहा के साथ हुई थी।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के जंगल में एक पेड़ से प्रियंका का शव लटका देखा। सूचना पर गढ़ कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे और जमकर विरोध किया।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी में 5 लाख रुपये से अधिक का दान-दहेज दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। इसके बाद लगातार 1 लाख रुपये नकद और 2 भैंस की मांग की जाती रही।
परिजनों के अनुसार अप्रैल माह में दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रियंका को घर से निकाल दिया गया था। बाद में पंचों के समझौते के बाद वह फिर ससुराल गई थी। मायके पक्ष का दावा है कि घटना से 2 दिन पहले प्रियंका ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना हो रही है।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति मनवीर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।











