किसान के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने-नकदी चोरी, लॉकर भी तोड़ा

हापुड़। थाना सिम्भावली क्षेत्र के गांव खुड़लिया में सोमवार रात चोरों ने एक किसान के बंद मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरों के ताले और अलमारी के लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित गौरव चौधरी ने बताया कि वह परिवार के साथ बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसियों से चोरी की सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों के लॉकर भी तोड़ दिए गए थे।
घटना की सूचना डायल 112 और थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे लोगों में दहशत के साथ रोष भी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
सीओ राहुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।











