डीएम के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

डीएम के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
हापुड़:
अज्ञात लोगों ने हापुड़ डीएम कविता मीना की प्रोफाइल फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया और कई लोगों को संदेश भेजे। घटना का खुलासा होने पर हड़कंप मच गया। मामले की जांच साइबर टीम को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार शहर के कुछ लोगों के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आए। मैसेज भेजने वाले अकाउंट की डीपी पर डीएम कविता मीना की पिक लगी थी। संदेह होने पर लोगों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। अधिकारियों द्वारा जब जांच की ,तो पता चला कि यह नंबर डीएम का नहीं है। कोई साइबर अपराधी फर्जी तरीके से डीएम की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क कर रहा है।
मामले की जानकारी होने पर डीएम कविता मीना ने कहा कि उनके नाम से चलाया जा रहा व्हाट्सएप अकाउंट पूरी तरह फर्जी है। उसका उनसे कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके नाम या फोटो से कोई संदेश, पैसे की मांग या अन्य संदिग्ध सूचना मिले तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें।एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले में जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।











