बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज

बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज
हापुड़:
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपने परिचितों पर बैंक में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित के ममेरे भाई सहित तीन लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव अटूटा निवासी निकिल ने बताया कि उसके मामा के पुत्र व मेरठ निवासी राजू अपने साथी अनुज और युवती सलोनी के साथ कई बार उसके घर आया था। इस दौरान आरोपियों ने दावा किया कि अनुज का बैंकिंग क्षेत्र में अच्छा संपर्क है और वह कैनरा बैंक में चपरासी व बाबू के पद पर नौकरी लगवा सकता है। जिस पर उन्होंने 25 सितंबर 2024 से 1 नवंबर 2024 के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 3.50 लाख रुपये आरोपियों के खातों में जमा कराए गए। पीड़ित ने बताया कि
नियुक्ति पत्र ना मिलने पर जब उन्होंने अपनी धनराशि वापस मांगी, तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि थानें में तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिस पर उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय सहित वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामलें में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











