प्रेमिका को पाने के लिए प्रेमी ने तंत्रविद्या से वश में करने के लिए की थी खोपड़ी चोरी, भेजा जेल, तांत्रिक से 50 अलग-अलग महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें बरामद

हापुड़ (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में पुलिस ने श्मशान में चलती चिता से खोपड़ी चोरी करने का खुलासा करते हुए एक प्रेमी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। आरोपी युवक ने एक तरफा प्रेम में युवती व परिजनों को अपने वश में करने के लिए तंत्र क्रिया हेतु खोपड़ी के भाग चोरी किए थे।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के मोहल्ला सोटावाली निवासी शुभांशु (16) इंटर का छात्र था। लंबे समय से पेट की गंभीर बीमारी के चलते हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी। रविवार को परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार गांव लोधीपुर के शमशान घाट में किया, जहां दाग लगाने के बाद सभी वापस घर लौट आए थे। कुछ समय बाद जब वे वापस शमशान पहुंचे,तो देखा कि शव के सिर का अधिकांश भाग गायब है। परिजनों ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करवाया, तो मोपेड सवार तीन लोग वहां से जाते हुए दिखाई दिए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी थी ।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हापुड़ के मोहल्ला पुरानी चुंगी कोटला मेवातिया निवासी अमान एक युवती से एक तरफा प्यार करता है,जिस कारण वह उसे पाने के लिए एक तांत्रिक संभल निवासी तांत्रिक अवधेश शर्मा से अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिला था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तांत्रिक ने उससे जलती चिता से मानव खोपड़ी लाने का आदेश दिया था , ताकि वह ऐसा अचूक वशीकरण बनाकर देगा, जिससे उसकी प्रेमिका और उसका पूरा परिवार उसके वश में हो जायेगा। जिस कारण उसने खोपड़ी चोरी की थी। पुलिस को तांत्रिक के ठिकाने से पुलिस को भारी मात्रा में तंत्र-मंत्र से जुड़ी संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। घटनास्थल पर 50 अलग-अलग महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें मिली हैं।











