अवैध रूप से लगाए गए मोबाइल टावर व बंदरों से कालोनीवासी परेशान, , बंदर पकड़ने व टावर हटाने की मांग

हापुड़ ।
नगर के रेलवे रोड स्थित पंजाबी कॉलोनी में अवैध रूप से लगाए गए मोबाइल कंपनी के टावर को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। उधर बंदरों के आंतक से भी परेशान हैं।मोहल्लावासियों ने इस संबंध में जिला प्रशासन से शिकायत कर टावर को तुरंत हटाने की मांग की है। आए दिन बंदरों का झुंड हमला कर घायल कर रहा है।
जानकारी के अनुसार रेलवे रोड स्थित पंजाबी कॉलोनी के बीचों बीच मोबाइल टावर लगाए जाने से क्षेत्र के लोग नाराज हैं। उनका कहना है कि टावर को बिना मोहल्लावासियों की अनुमति के अवैध तरीके से लगाया गया है, जिससे लोगों में असंतोष फैल गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र बेहद घनी आबादी वाला है और ऐसी स्थिति में आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाया जाना उचित नहीं है। लोगों का आरोप है कि टावर से निकलने वाली रेडिएशन का सीधा असर आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
निर्मल, लक्ष्मी खरबंदा, राजेंद्र कुमार और संजय सेठी ने बताया कि उनके कालोनी में एक दशक से घर में टावर लगा हुआ है। उससे निकलने वाली रेडिएशन से गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। पूर्व में टावर को हटाने की काफी बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई संज्ञान नहीं लिया।
मोहल्लावासियों ने बताया कि वे शुरू से ही टावर लगाए जाने का विरोध करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी आपत्ति के बावजूद इसे स्थापित कर दिया गया। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर टावर को जल्द से जल्द हटाया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते टावर नहीं हटाया गया तो मोहल्लावासी इसके खिलाफ कठोर रणनीति अपनाने को मजबूर होंगे।
कालोनीवासियों ने जब तक बंदरों को पकड़ने का स्थाई समाधान नहीं हो जाता है तब तक कालोनी में लंगूर को बांधने की मांग की है, जिससे बंदरों का आतंक कम हो सके। इस मौके राजेश, हितेश, शिवम, विकास, राजू, राधा, डोली आदि मौजूद थे।











