घर में घुसकर कांस्टेबल पर नाबालिग से अश्लील हरकतें करने व मारपीट का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के मेरठ रोड़ स्थित पुलिस लाईन में तैनात एक कांस्टेबल पर एक महिला ने घर में घुसकर उसकी नाबालिग बेटी से अश्लील हरकतें करने व मारपीट व श्रीव्हीलर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए एसपी को तहरीर दी है। एसपी ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले ही किश्तों पर एक श्रीव्हीलर खरीदा था, जिसे उसका दामाद चलाता है। दामाद रोजाना श्रीव्हीलर को घर के बाहर खड़ा करता है। महिला का आरोप है कि पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही, जो पास ही अपनी सास के मकान में परिवार के साथ रहता है, अक्सर श्रीव्हीलर को लेकर विवाद करता रहता है। दो दिन पूर्व सिपाही ने घर के बाहर खड़े श्रीव्हीलर के टायरों में चाकू मारकर उन्हें फाड़ दिया। इसके साथ ही श्रीव्हीलर की छत और सीटों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोधकिया तो आरोपी ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की गई थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद सिपाही अपने परिवार के साथ जबरन उनके घर में घुस आया। उस समय घर में महिला की नाबालिग पुत्री मौजूद थी। आरोप है कि सिपाही ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की और उसे जमीन पर गिराकर पीटा। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थी। पुत्री के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से ‘फरार हो गया।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।











