डीएम के निर्देश पर संयुक्त टीम ने डेयरियों पर की छापेमारी, पशु आहार के नमूने भरे

NBT न्यूज, हापुड़।
डीएम द्वारा गठित संयुक्त टीम ने एक गांव में पहुंच डेयरियों पर छापेमारी की और पशुओं को खिलाए जा रहे कुट्टा, मैली और चारे के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
जानकारी के अनुसार डीएम अभिषेक पाण्डेय ने एक शिकायत पर हापुड़ के गांव बड़ौदा सिहानी में छापेमारी के लिए प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जिला पंचायत राज अधिकारी, औषधि निरीक्षक और थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीन कुमार की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी के निर्देश दिए।
टीम ने गांव पहुंचकर आधा दर्जन डेयरियों पर छापेमारी की, जिससे डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने डेयरी संचालकों को साफ-सफाई, पशु आहार की गुणवत्ता और पर्यावरण मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण में कई स्थानों पर व्यवस्थाओं में कमी पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि डेयरियों से पशु आहार व अन्य के नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है।











