जेएमएस कालेज में आयोजित हुई महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला

महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला
हापुड़।
जेएमएस लॉ कॉलेज, हापुड़ में महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता विषय पर एक सफल एवं प्रभावी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं सहित सभी विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध की रोकथाम, सोशल मीडिया सुरक्षा, तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञ संकाय सदस्यों ने अपने अनुभव एवं ज्ञान साझा करते हुए विद्यार्थियों को POSH अधिनियम, 2013 (कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति यौन उत्पीड़न की रोकथाम अधिनियम) के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
प्रतिभागियों ने ऑनलाइन उत्पीड़न के प्रकार, उसके प्रभाव, तथा ऐसे मामलों में संबंधित पुलिस प्राधिकरण को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
यह कार्यशाला डिजिटल विभाजन को कम करने, महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण को बढ़ावा देने तथा उनकी डिजिटल सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
इस कार्यशाला का सफल संचालन लॉ विभाग की सहायक प्राध्यापिका माहिम अंसारी एवं दिव्या शर्मा, रीटू त्यागी, पूजा शर्मा, साक्षी गुप्ता, मनीष कुमार, आलोक रंजन तथा डॉ. जितेंद्र कुमार (विभागाध्यक्ष, विधि विभाग) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ.
आयुष सिंघल एवं डायरेक्टर जनरल प्रोफेसर (डॉ.)सुभाष गौतम ने लॉ विभाग के सभी प्राध्यापकों एवं विभागाध्यक्षो को भविष्य में भी इस तरह की कार्यशाला आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जिससे कि सभी छात्र-छात्राएं सरकार की नई नई नीतियों एवं कार्यक्रमों के बारे में जागरूक हो सके।











