पड़ोसी पर केस खत्म करवाने व धनराशि वापस दिलाने के नाम पर 1.84 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप, डीएम से की शिकायत

हापुड़।
थाना देहात क्षेत्र के गांव दोयमी निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर उसका कोर्ट में चल रहा केस खत्म करवाने व धनराशि वापस दिलवाने का आश्वासन देकर धोखाधड़ी कर 1.84 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने परिजनों सहित डीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के गांव दोयमी निवासी मूलचंद कोरी ने बताया कि वह गांव में परिवार के साथ निवास करते हैं। उनका मकान को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। पड़ोस के रहने वाले एक युवक ने बताया कि उसका न्यायालय में आना जाना है और न्यायालय के माध्यम से मुकदमे को खत्म करा देगा।
पीड़ित ने बताया कि अप्रैल 2022 को न्यायालय शुल्क, मुकदमे का खर्च, जमीन दिलाने, री-सेल, सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा, लोक अदालत से लोन माफी और अन्य न्यायालय के मामलों में अलग-अलग समय में 1.84 करोड़ रुपये ठग लिए थे।
पीड़ित ने बताया कि वापस रुपये मांगने पर आरोपी ने उनके साथ गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी, परन्तु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
परिजनों ने डीएम अभिषेक पाण्डेय को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।












