संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलने से मौत, दहेज हत्या का आरोप, एफआईआर दर्ज

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलने से मौत, दहेज हत्या का आरोप, एफआईआर दर्ज
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई । मायकेवालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
बाबूगढ़ के गांव सिमरौली निवासी अनुज ने बताया कि उसकी बहन सोनिका की शादी चार मार्च 2022 को मोहल्ला अर्जुन नगर डबरिया निवासी सूरज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में करीब चार लाख रुपये खर्च करने के बावजूद पति और सास दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शादी के करीब तीन माह बाद से ही विवाहिता को कम दहेज लाने का ताना देकर मारपीट और उत्पीड़न किया जाने लगा।
आरोप है कि छह मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे विवाहिता ने अपने मायके फोन कर बताया कि पति और सास दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर रहे हैं और बाइक न मंगाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि उसी दिन दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को आग लगा दी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।












