सात गुना कमाई का लालच देकर साइबर ठगों ने युवती से की 3.19 लाख रुपये ठगी

हापुड़।
थाना सिम्भावली क्षेत्र निवासी एक युवती से साइबर ठगों ने
सात गुना कमाई का लालच देकर 3.19 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिम्भावली के गांव न्याजपुर खैय्या निवासी ज्योति ने बताया कि 24 अक्टूबर 2025 को उसके मोबाइल पर टेलीग्राम के माध्यम से एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें प्रतिदिन 800 से 1500 रुपये तक कमाने का ऑफर दिया गया था। आर्थिक लाभके लालच में उसने संपर्क किया, जिसके बाद आरोपितों ने उसकी एक आईडी बनाकर ऑनलाइन कार्य देना शुरू कर दिया। शुरुआत में ठगों ने विश्वास जीतने के लिए आईडी एक्टिव करने के नाम पर 9800 रुपये दिए और कार्य पूरा करने पर 908 रुपये का भुगतान भी किया। इससे पीड़िता को योजना पर भरोसा हो गया।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने 9800 रुपये जमा कराने को कहा और 15 से 17 हजार रुपये तक मुनाफा मिलने का दावा किया। रुपये जमा करने के बाद उसके खाते में लगभग 14 हजार रुपये दिखाए गए। आगे चलकर फिर 9800 रुपये जमा कराए गए और बताया गया कि उसका बैलेंस 19 हजार रुपये माइनस में चला गया है, जिसे जमा करने पर पूरी रकम वापस मिल जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद खाते में 43 हजार रुपये दर्शाए गए।
29 अक्टूबर 2025 को आरोपियों ने अधिक निवेश करने पर सात गुना रिटर्न देने का झांसा दिया। इस पर पीड़िता ने दो बार में 3.19 लाख रुपए जमा कर दिए, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और थानें में तहरीर दी।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












