जायसवाल इलेक्ट्रॉनिक्स पर सीढ़ी से किया दीवार में कोमल, लाखों रुपए की चोरी

हापुड़ ।
धौलाना गुलावठी रोड स्थित जायसवाल इलेक्ट्रॉनिक्स व फर्नीचर शोरूम में चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने शोरूम की पिछली दीवार काटकर प्रवेश किया और एलईडी टीवी, पंखे, प्रेस समेत अन्य कीमती सामान निकाल लिया। शोरूम के पास एक निर्माणाधीन इमारत में सो रहे मजदूरों को संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। इस पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार चोरी की सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शोरूम के पीछे स्थित जंगल क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को चोरी किया गया अधिकांश सामान जंगल में अलग-अलग स्थानों पर पड़ा मिला। पुलिस की सक्रियता देख चोर सामान छोड़कर फरार हो गए।
शोरूम मालिक राजन जायसवाल ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया। धौलाना थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था और अधिकांश चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












