बंदरों का आंतक, हमलावर बंदरों से डरकर छत से गिरी छात्रा, लोगों में आक्रोश

हापुड़।
थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव में छत पर बैठी एक छात्रा बंदरों के हमले से खुद को बचाने के लिए छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
धौलाना के गांव देहरा निवासी कक्षा दस की छात्रा सना किसी काम से अपने घर की छत पर गई थी। इसी दौरान घर के आसपास मौजूद बंदरों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बंदरों से बचने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से नीचे जमीन पर गिर पड़ी।
हादसे में उसकी गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल धौलाना में उपचार के लिए भर्ती कराया।
वन अधिकारी मुकेश कांडपाल ने बताया कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी दोबारा वन विभाग को सौंपी है। शासन से निर्देश मिलने के बाद एक सप्ताह के भीतर गांव में बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।












