पुलिस पर ई-रिक्शा चालकों को परेशान करने का आरोप, जांच की मांग

हापुड़।
नगर में ई-रिक्शा चालकों को पुलिस द्वारा परेशान करने की शिकायत कांग्रेसियों ने सीओ ट्रैफिक को ज्ञापन सौंप जांच की मांग की है।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष नरेश भाटी ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी उचित कारण के ई-रिक्शा चालकों को पीट रही है, उनके वाहन जब्त कर रही है और जुर्माना वसूल रही है।
उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा गरीब परिवारों की आजीविका का एकमात्र साधन है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की यह कार्रवाई इन परिवारों की आर्थिक स्थिति को खराब कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने इस कथित उत्पीड़न की निंदा करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनकी मुख्य मांगों में ई-रिक्शा चालकों पर हो रहे उत्पीड़न को तुरंत रोकना, जब्त किए गए ई-रिक्शों को बिना शर्त वापस करना और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच आयोग का गठन करना शामिल है। इस दौरान विकास त्यागी , राजकुमार जौहरी और खुशनूद अली सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे।












