जिंदा महिला को मृतक दिखाकर आधार कार्ड डिएक्टिवेट करने का लगाया आरोप, की शिकायत

हापुड़
। नगर के मोहल्ला रामगड़ी निवासी जीवित महिला को मृतक दिखाकर आधार कार्ड को निष्क्रिय कर दिया गया। यह सुनकर महिला मौके पर – ही रोने लगी। इस कारण महिला बैंक खाते में जमा धनराशि भी नहीं निकाल पा रही है। मामले में महिला ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम और एडीएम से शिकायत की है।
किरणपाल सिंह की पत्नी अनीता ने बताया कि वह बैंक में जमा खाते से धनराशि निकलने गई थीं। इस पर बैंक कर्मचारी ने बताया कि उनका आधार कार्ड मृतक दिखाकर निष्क्रय कर दिया गया है।
यह सुनकर महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई और महिला बैंक में ही रोने लगी। महिला ने बताया कि वह एक मध्यम वर्गीय परिवार से हैं और इस धनराशि की उन्हें जरूरत है, लेकिन बैंक कर्मचारी ने मदद करने से इंकार कर दिया और कहा कि जब तक वह आधार कार्ड को सही नहीं कराती हैं, तब तक धनराशि नहीं मिलेगी।
महिला ने बताया कि उनके खाते में करीब 30 हजार की धनराशि है। महिला ने मामले की जांच की मांग की।
इसके अलावा महिला ने आधार कार्ड को भी सही कराने की मांग की गई। साथ ही इस प्रकार की बड़ी गलती करने वाले के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले में एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि प्रकरण में जांच कराई जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।












