कम्पनी के कर्मचारी को बंधक बनाकर लूट का आरोप

हापुड़।
पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद में कंपनी के फोरमैन के साथ दो युवकों ने रास्ता रोककर मारपीट की और खेतों में ले जाकर बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपियों ने मोबाइल लूट लिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर दोनों के खिलाफ
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मूलरूप से जनपद
बांदा के थाना गिरवा क्षेत्र के गांव पिथौराबाद निवासी जितेंद्र गांव गालंद में रहकर फैब्रिटोन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में फोरमैन हैं।
फैक्टरी में काम करने वाले धर्मेंद्र, मोनू, कुलदीप और अंकुर को शराब पीकर काम करने के कारण कंपनी से निकाल दिया गया था। धर्मेंद्र को शक था कि उसकी
वजह से उसे नौकरी से हटाया गया। रविवार की शाम पीड़ित के घर लौटते समय धर्मेंद्र और नरेश ने रास्ते में रोककर मारपीट की और खेतों में ले जाकर पिटाई की। शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख दोनों आरोपी मोबाइल लूटकर धमकी देते हुए भाग निकले।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगी है।












