रिफाइंड तेल के नाम पर हापुड़ निवासी व्यापारी से 29.25 लाख रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज

रिफाइंड तेल के नाम पर हापुड़ निवासी व्यापारी से 29.25 लाख रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज
, हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र की पॉश कॉलोनी निवासी व प्रमुख तेल व्यापारी से हरियाणा के एक व्यक्ति ने तेल खरीद के नाम पर
29.25 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्र के एक व्यापारी दीपक अग्रवाल के साथ हरियाणा के एक व्यक्ति ने सोया रिफाइंड तेल की खरीद के नाम पर 29.25 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपी ने न तो माल दिया और न ही पैसे वापस किए, बल्कि पीड़ित को धमकियां भी दीं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के
ज्ञान लोक निवासी दीपक अग्रवाल हुकुम चंद विजय कुमार नामक पार्टनरशिप फर्म के वर्किंग पार्टनर हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी फर्म हापुड़ में खाद्य तेल का क्रय-विक्रय करती है। फर्म के अन्य पार्टनर अरुण गर्ग, सत्य भामा, और ऊषा गर्ग हैं।
दीपक ने बताया कि पिछले कुछ सालों से लखनऊ का एक ब्रोकर, संजीव अग्रवाल, उन्हें खाद्य तेल की सप्लाई दिलाता रहा है। संजीव ने दीपक को हरियाणा की एक कंपनी, महावीर ऑयल एंड एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, भिवानी, से संपर्क कराया और कहा कि यह कंपनी सोया रिफाइंड तेल बेचती है। संजीव ने दीपक की फोन पर कंपनी के मालिक और डायरेक्टर दीपक गोयल से बात कराई। दीपक अग्रवाल ने कंपनी की जानकारी गूगल पर सत्यापित की, जहां उन्हें पता चला कि यह एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है, जिसके डागनेटर दीपक गोयल और उनकी मां शारदा देवी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी दीपक गोयल ने पीड़ित को 1500 टिन सोया रिफाइंड तेल की आपूर्ति के लिए 29,25,000 रुपये का सौदा पक्का किया। उसने व्हाट्सएप पर एक रद्द चेक, हस्ताक्षरित बिल (29,25,011 रुपये), और कंपनी का पता व मेल आईडी भेजकर भरोसा दिलाया।
दीपक गोयल ने दावा किया कि जैसे ही पैसे कंपनी के खाते में जमा होंगे, माल रवाना कर दिया जाएगा। भरोसे में आकर पीड़ित ने 29,25,000 रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
हालांकि, इसके बाद न तो माल भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए। जब दीपक अग्रवाल ने ब्रोकर संजीव और दीपक गोयल से संपर्क किया, तो दोनों ने बहाने बनाए। संजीव ने कहा कि दीपक गोयल उसका फोन भी नहीं उठा रहा। 28 जून को पीड़ि अपने जानकार व्यापारी विकास और ब्रोकर संजीव के साथ भिवानी में दीपक गोयल की कंपनी पहुंचे। वहां दीपक गोयल ने साफ कहा कि न तो वह माल दे सकता है और न ही पैसे वापस कर सकता है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दीपक गोयल ने झूठ बोलकर और धमकियां देकर 29.25 लाख रुपये की ठगी की।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












