84 लाख लेकर जमीन का बैनामा नहीं किया, बाउंड्री भी गिराई, दिल्ली के कारोबारी ने लगाया गंभीर आरोप

84 लाख लेकर जमीन का बैनामा नहीं किया, बाउंड्री भी गिराई, दिल्ली के कारोबारी ने लगाया गंभीर आरोप
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र में करोड़ों की जमीन सौदे को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। दिल्ली की एक कंपनी के निदेशक ने परसौन गांव के एक परिवार पर 84 लाख रुपये लेने के बाद जमीन न देने और रकम वापस न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल गिरा दी और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के कोंडली, मयूर विहार निवासी प्रेम कुमार मेसर्स प्राइम मैटिक कंसलटेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 जनवरी 2025 को परसौन गांव के खसरा संख्या 346 और 347 की हिस्सेदारी वाली जमीन खरीदने के लिए पंजीकृत एग्रीमेंट हुआ था।
आरोप है कि एग्रीमेंट के समय जमीन से जुड़े कुछ जरूरी तथ्य उनसे छिपाए गए। इसके बावजूद प्रेम कुमार ने आरटीजीएस और 4 अलग-अलग चेकों के जरिए कुल 84 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।
प्रेम कुमार का आरोप है कि तय समय पर बैनामा कराने की बात कहने पर आरोपी पक्ष टालमटोल करने लगा। बार-बार संपर्क करने पर भी न तो रजिस्ट्री की गई और न ही रकम लौटाई गई। बाद में आरोपियों ने साफ मना कर दिया।
शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी अपनी पत्नी, पुत्री और दो पुत्रों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन पर बन रही निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कहा “न जमीन देंगे और न पैसा वापस करेंगे।”
सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में एग्रीमेंट, भुगतान के साक्ष्य, बैंक लेनदेन और दोनों पक्षों के बयान खंगाले जाएंगे। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई होगी।











