हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के दौताई गांव में पारिवारिक कहासुनी में तीन सगे भाइयों के बीच शुरू हुई बहस के दौरान एक भाई ने गुस्से में आकर अपने ही भाई इमरान पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल इमरान को मेरठ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव दौताई में तीन दिन पहले भाइयों के बीच किसी छोटे विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी। बात इतनी बढ़ी कि एक भाई ने अचानक चाकू निकालकर इमरान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान तीसरे भाई को भी सिर पर चोटें आई। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने इमरान की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, इमरान की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और शनिवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी भाई के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। अब इमरान की मौत के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।












