हादसे में मृत हुए सिपाही को एसपी समेत पुलिसकर्मियों ने दी अंतिम विदाई

हापुड़।
रविवार की रात्रि में थाना हाफिजपुर क्षेत्र में बुलंदशहर रोड पर सड़क हादसे में मारे गए सिपाही को सोमवार की सुबह पुलिस लाइन में एसपी समेत कई पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने श्रद्धांजलि देते हुए अंतिम विदाई दी। इसके बाद मृतक के पार्थिव शरीर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
बतां दे कि रविवार की रात थाना हाफिजपुर में तैनात सिपाही कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू निवासी गांव सदरूद्दीन नगर अपनी कार से थाने आ रहा था। सिपाही की तेज रफ्तार कार बिना लाइट के हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉला में पीछे से टकरा गई। यह ट्रॉला को अवैध रूप से हाईवे पर बीच में ही पार्क किया हुआ था। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कार को काटकर सिपाही के शव को ड्राइविंग सीट से बाहर निकाला। हादसे के बाद सड़क पर खडे़ ट्रैक्टर-ट्राला का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मृतक सिपाही का शव पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन ला गया। वहां पर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा, सीओ पिलखुवा अनीता चौहान, सीओ गढ़ वरूण मिश्रा समेत मौजूद सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने सोनू को अंतिम विदाई दी। इसके बाद परिजन सोनू के पार्थिव शरीर को लेकर गांव रवाना हो गए।












