स्वास्थ्य विभाग ने फर्जी मैक्स हेल्थ केयर सेंटर पकड़ा, किया सीज

हापुड़।
नगर के स्वर्ग आश्रम रोड पर बिना पंजीकरण क्लीनिक चलाकर, मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे एक सेंटर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। मौके पर कोई चिकित्सक नहीं मिला। सीएमओ ने एक व्यक्ति की शिकायत पर टीम गठित कर यह कार्रवाई की है।
सीएमओ डा. सुनील त्यागी ने बताया कि पिछले दिनों मोदीनगर रोड पर आपरेशन के दौरान एक महिला की मौत होने के मामले में क्लीनिक को सील किया था। सूचना मिली कि उसी क्लीनिक का संचालक अब स्वर्ग आश्रम रोड पर मैक्स हेल्थ केयर सेंटर के नाम से बिना पंजीकरण क्लीनिक चला रहा है। सीएमओ ने डा.नवीन के नेतृत्व में टीम गठित की। क्लीनिक पर न तो कोई कुशल चिकित्सक मिला और न पंजीकरण के दस्तावेज।
टीम ने उक्त क्लीनिक को ताला लगाकर सील कर दिया। सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि जिले में बिना पंजीकरण क्लीनिकों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी।












