संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत , कुत्ते के काटने से मौत होने की आंशका

संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत , कुत्ते के काटने से मौत होने की आंशका
हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के दिल्ली रोड़ पर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी। मृतक के पास से मिले कागजातों के आधार पर कुत्ते के काटने से मौत की आंशका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के प्रीत विहार कालोनी में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
लोगों के अनुसार उक्त व्यक्ति सुबह से ही इलाके में असामान्य हरकतें कर रहा था। शाम को वह लोगों पर पत्थर फेंक रहा था और उल्टी-सीधी गतिविधियां कर रहा था, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और देर रात उसकी मौत हो गई।
मौके से मृतक के पास दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल का एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसमें 2 मार्च को इलाज कराए जाने का उल्लेख है। प्रारंभिक जानकारी में रैबीज बीमारी से संबंधित उपचार चलने की बात सामने आई है। जिससे मौत का कारण कुत्ते के काटने की आंशका व्यक्त की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त धर्मवीर निवासी भोपुरा कुटी, साहिबाबाद (गाजियाबाद) है। परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के अनुसार धर्मवीर रिश्तेदारी की बात कहकर हापुड़ आया था।












